- प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में नक्षत्रशाला लैब शुरू
- प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने किया शुभारंभ
- टेलीस्कोप समेत कई वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए
अंबेडकरनगर। प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में अब बच्चे किताबों से आगे बढ़कर ग्रह, नक्षत्र और अंतरिक्ष विज्ञान को उपकरणों के माध्यम से समझ सकेंगे। जिला पंचायत निधि से तैयार नक्षत्रशाला लैब का गुरुवार को जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शुभारंभ किया। उन्होंने शिक्षकों से लैब का नियमित और प्रभावी उपयोग कराने के निर्देश दिए।
टेलीस्कोप समेत कई उपकरण लगाए गए
शुभारंभ के बाद प्रभारी मंत्री ने नक्षत्रशाला लैब का अवलोकन किया। उन्होंने वहां लगे टेलीस्कोप समेत विभिन्न उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लैब के माध्यम से बच्चों को खगोलीय घटनाओं, ग्रहों और नक्षत्रों से जुड़े विषयों को रुचिकर और व्यवहारिक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि नक्षत्रशाला का उपयोग केवल प्रदर्शन तक सीमित न रहे। बच्चों को इसके माध्यम से वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के अवसर दिए जाएं।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ayush-tiwari-ugc-net-2026/
आधुनिक संसाधनों से पढ़ाई को जोड़ा जाएगा
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकी और वैज्ञानिक संसाधनों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने और मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा।
जिला पंचायत निधि से बनी लैब
नक्षत्रशाला लैब का निर्माण जिला पंचायत निधि से कराया गया है। शुभारंभ के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सुभासपा जिलाध्यक्ष, विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और ग्रामवासी मौजूद रहे।









