अंबेडकरनगर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने राखियों की सुरक्षित और समय से डिलीवरी के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। प्रधान डाकघर में राखी भेजने के लिए अलग काउंटर बनाया गया है। मानसून में बारिश और नमी से राखियों को सुरक्षित रखने के लिए 10 रुपये में वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिले में तैयार किए गए चार हजार वाटरप्रूफ लिफाफे
डाक विभाग ने जिले के लिए करीब चार हजार वाटरप्रूफ लिफाफों का स्टॉक तैयार किया है। ये लिफाफे प्रधान डाकघर के साथ जलालपुर, जाफरगंज, मालीपुर, बसखारी, टांडा, बरियावन, विद्युत नगर, महरुआ, भोटी, कटेहरी और औरंगनगर समेत 32 उप डाकघरों में उपलब्ध कराए गए हैं।
इन लिफाफों से बारिश के दौरान राखी के पैकेट को नमी से बचाने में मदद मिलेगी।
राखी के साथ मिठाई और पूजा सामग्री भी भेज सकेंगे
डाक विभाग के अनुसार राखी के साथ मिठाई, कुमकुम और पूजा सामग्री भी भेजी जा सकती है। स्पीड पोस्ट के जरिए दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों में राखी करीब 24 घंटे में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
विदेश भेजे जाने वाले राखी के पैकेट की डिलीवरी तीन से छह दिन में करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
देश में स्पीड पोस्ट से 42 रुपये शुल्क
भारत के किसी भी राज्य में राखी का पैकेट स्पीड पोस्ट से भेजने पर 42 रुपये और रजिस्ट्री डाक से भेजने पर 22 रुपये शुल्क निर्धारित है। वजन बढ़ने पर डाक शुल्क भी बढ़ेगा।
विदेशों के लिए रजिस्ट्री डाक से राखी भेजने का शुल्क 400 रुपये और स्पीड पोस्ट का शुल्क 1500 रुपये तय किया गया है। सऊदी अरब, अमेरिका और दुबई समेत अन्य देशों में भी यह सुविधा उपलब्ध है।









