जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। जलालपुर नगर क्षेत्र में किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरी का मामला सामने आया है। रविवार देर रात चोरों ने कमला नगर स्थित राम जानकी मंदिर के पास जगदीश किराना स्टोर को निशाना बनाया। चोर दुकान के गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह दुकान संचालक के पहुंचने पर हुई। सूचना मिलते ही डायल 112 और जलालपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
शटर के ताले टूटे मिले, गल्ले से गायब थी नकदी
जानकारी के अनुसार, बड़ागांव (भरौली) निवासी जगदीश किराना स्टोर का संचालन करते हैं। रविवार रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर के दोनों ओर लगे ताले टूटे मिले।
दुकान के अंदर जाने पर गल्ले में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी ली और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
उपनिरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकान संचालक से पूरी जानकारी ली। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
रात की गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए टीम काम कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









