
अम्बेडकरनगर। तहसील आलापुर के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के खरखांव गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घायल पक्ष ने स्थानीय पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। सोमवार को पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और शिकायत पत्र के साथ मेडिकल रिपोर्ट सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित बब्लू ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश और भूमि विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर लाठी-डंडों, धारदार हथियारों, ईंट-पत्थरों और तमंचे की बट से हमला किया। घटना में बब्लू, सहबीर और हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार का आरोप है कि रीमा, मनपत्ती देवी और हर्षित के साथ भी मारपीट की गई।
एफआईआर दर्ज न होने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद डायल-112 पर सूचना दी गई और घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीरगंज में कराया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद जब वे तहरीर लेकर राजेसुल्तानपुर थाने पहुंचे तो उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आरोप है कि सहबीर के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई भी की गई।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई, जबकि उनकी तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एसपी कार्यालय पहुंचा परिवार
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह को शिकायती पत्र और मेडिकल रिपोर्ट सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिवार के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।









