अंबेडकरनगर। मतदाता जागरूकता सर्वोदय कप में रविवार को पंचायत सचिव इलेवन ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर पीडब्ल्यूडी इलेवन को 86 रन से हरा दिया। जेएसआर क्रिकेट एकेडमी, अकबरपुर के मैदान पर पंचायत सचिव इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में चार विकेट पर 215 रन बनाए। जवाब में पीडब्ल्यूडी इलेवन की टीम छह विकेट पर 129 रन ही बना सकी।
आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित मुकाबले में पीडब्ल्यूडी इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंचायत सचिव इलेवन के सलामी बल्लेबाज राजशेखर सिंह और मनीष यादव ने आक्रामक शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 6.3 ओवर में 100 रन जोड़े। पावरप्ले के चार ओवर में टीम ने 63 रन बना लिए।
राजशेखर ने 23 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। मनीष यादव ने 29 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। तीसरे नंबर पर उतरे सूरज सिंह ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी की। उन्होंने 22 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों के सहारे 62 रन बनाए। अनुराग ने 10 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 22 रन जोड़े। पीडब्ल्यूडी इलेवन की ओर से सर्वजीत, मंशाराम और गौरव ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य के दबाव में 129 रन तक पहुंची पीडब्ल्यूडी इलेवन
216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीडब्ल्यूडी इलेवन की शुरुआत धीमी रही। टीम पावरप्ले के चार ओवर में 33 रन ही बना सकी। अंबिका ने 24, सर्वजीत ने 27, रितेश और गौरव ने 12-12 तथा अभिषेक ने 10 रन बनाए। निर्धारित 16 ओवर में टीम छह विकेट पर 129 रन ही बना सकी। पंचायत सचिव इलेवन की ओर से राकेश ने तीन विकेट लिए, जबकि आदित्य और अनुराग को एक-एक विकेट मिला।









