- सीसीटीवी से लेकर परीक्षा कक्ष तक परखी जाएगी व्यवस्था, मानकों पर खरे उतरने वाले विद्यालयों को मिलेगी जिम्मेदारी
अम्बेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर जिले में परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिले के सभी 364 माध्यमिक विद्यालयों का ऑनलाइन विवरण पूरा कर लिया है। अब विद्यालयों की वास्तविक स्थिति की जांच के बाद परीक्षा केंद्रों का चयन किया जाएगा।
जिले में संचालित 32 राजकीय, 60 वित्तविहीन सहायता प्राप्त और 272 निजी माध्यमिक विद्यालयों से परीक्षा केंद्र के लिए जरूरी सूचनाएं ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराई गई हैं। विभाग ने विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी जुटाई है।
इन सुविधाओं की होगी जांच
परीक्षा केंद्र चयन से पहले विद्यालयों में भवन, परीक्षा कक्ष, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर और विद्युत व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर ही केंद्रों का अंतिम चयन होगा।
18 सितंबर तक पूरी होगी केंद्र चयन प्रक्रिया
परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया 20 जुलाई से 18 सितंबर तक चलेगी। विभाग के अनुसार ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से केंद्र चयन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि इस बार केंद्र निर्धारण में ऑनलाइन व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। मानक पूरे करने वाले विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाए जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।









