अंबेडकरनगर। जलालपुर में शनिवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अयोध्या हॉस्पिटल-जलालपुर रामगढ़ मार्ग पर अयोध्या हॉस्पिटल के सामने पहले उसकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हुई। निखिल सड़क पर गिरा ही था कि पीछे से आई पिकअप ने उसे चपेट में ले लिया।
मृतक की पहचान टांडा कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर साबूकपुर निवासी निखिल उर्फ हैप्पी, पुत्र प्रवीण कुमार प्रजापति के रूप में हुई है। निखिल अपनी बहन को स्कूल छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। हादसा सुबह करीब 7:45 बजे हुआ।
संभलने से पहले पिकअप ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निखिल की बाइक की दूसरी बाइक से हल्की टक्कर हुई। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही अज्ञात पिकअप ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व परिजनों को सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक निखिल की मौत हो चुकी थी।
अज्ञात पिकअप चालक की तलाश
सूचना पर जलालपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अज्ञात पिकअप और उसके चालक की पहचान के लिए जांच कर रही है। आसपास की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
खाद की दुकान पर नौकरी करते हैं पिता
निखिल के पिता प्रवीण कुमार प्रजापति खाद की दुकान पर नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना के बाद परिवार में शोक छा गया।









