
अंबेडकर प्रतिमा खंडित होने से फैला रोष, पुलिस अलर्ट
शरारती तत्वों की तलाश में जुटी पुलिस, गांव में बढ़ाई गई सतर्कता
सामाजिक संगठनों की कड़ी प्रतिक्रिया, गिरफ्तारी की उठी मांग
अंबेडकरनगर। घुन्नेपुर गांव में गुरुवार रात कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर माहौल को अशांत करने की कोशिश की। संविधान निर्माता की प्रतिमा की एक उंगली तोड़े जाने की इस घटना से पूरे गांव में गहरा आक्रोश फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर बसखारी पुलिस चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह रघुवंशी फोर्स के साथ पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए प्रतिमा की मरम्मत तत्काल कराई।
पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और कठोरतम सजा की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब समाज में समरसता और सौहार्द की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा महसूस की जा रही है।








