अंबेडकरनगर। ग्रामसभा की बैठकों में होने वाली चर्चा और लिए जाने वाले फैसलों का अब डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। जिले की सभी 899 ग्राम पंचायतों में होने वाली विशेष ग्रामसभा बैठकों की उच्च गुणवत्ता वाली वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य कर दी गई है। बैठक की रिकॉर्डिंग निर्धारित समय में ‘सभासार’ पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के माध्यम से बैठक का डिजिटल कार्यवृत्त तैयार किया जाएगा।
नई व्यवस्था से ग्रामसभा की कार्यवाही को रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रखने की व्यवस्था होगी। बैठक में हुई चर्चा, रखे गए प्रस्ताव और लिए गए निर्णयों का डिजिटल संधारण किया जा सकेगा।
रिकॉर्डिंग के आधार पर तैयार होगा कार्यवृत्त
केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की ओर से विकसित ‘सभासार’ एआई आधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्रामसभा की बैठकों की रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किया जाएगा। रिकॉर्डिंग पोर्टल पर अपलोड होने के बाद एआई के जरिए बैठक का कार्यवृत्त तैयार किया जाएगा।
इसमें बैठक के दौरान हुई प्रमुख चर्चाओं, प्रस्तावों और निर्णयों को डिजिटल रूप में दर्ज करने की व्यवस्था होगी। इससे ग्रामसभा की कार्यवाही के अभिलेखीकरण का एक डिजिटल माध्यम उपलब्ध होगा।
15 अगस्त से शुरू हुआ पोर्टल का इस्तेमाल
जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में ‘सभासार’ पोर्टल का उपयोग 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रमों से शुरू कर दिया गया है। अब विशेष ग्रामसभा बैठकों की कार्यवाही को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिकॉर्ड कर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
नई व्यवस्था में रिकॉर्डिंग की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि बैठक में हुई चर्चा को स्पष्ट रूप से दर्ज किया जा सके।









