एक दिन, 1.41 लाख मामलों का निपटारा

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1,31,573 प्री-लिटिगेशन वाद सुलझे, बैंकों ने 3.77 करोड़ रुपये का समझौता कराया

अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को समझौते के जरिए बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, जिले में आयोजित लोक अदालत में कुल 1,41,609 वादों का निपटारा हुआ। इनमें 1,31,573 प्री-लिटिगेशन मामले रहे। यानी ऐसे विवाद जिन्हें अदालत में मुकदमा दाखिल होने से पहले ही सुलझा लिया गया।
जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित लोक अदालत में कुल 23 अदालतें लगाई गईं। न्यायालयों और ग्राम न्यायालयों ने 10,036 लंबित वादों का निस्तारण किया। इनमें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार की अदालत ने एमवी एक्ट, चालानी और फौजदारी मामलों समेत 5,418 मामलों का निपटारा किया।
राजस्व और बिजली के 23 हजार से अधिक मामले सुलझे
राजस्व न्यायालयों में 19,530 वाद निस्तारित किए गए। विद्युत विभाग से जुड़े 3,916 मामलों का भी समाधान हुआ। विभिन्न विभागों के स्तर पर 1,07,569 प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण किया गया।
बैंकों ने 3.77 करोड़ के समझौते कराए
लोक अदालत में बैंकों की ओर से लगाए गए शिविरों में 552 मामलों का समझौते के आधार पर निपटारा हुआ। इन मामलों में कुल 3,77,29,520 रुपये का समझौता हुआ। इसमें 1,50,80,390 रुपये की राशि तत्काल वसूल की गई।
आठ उपभोक्ता मामलों में 48.21 लाख की क्षतिपूर्ति
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने आठ मामलों का निस्तारण किया। इन मामलों में 48,21,418 रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button