अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत मुबारकपुर पिकार की एससी बस्ती में सड़क की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। करीब एक वर्ष से बस्ती को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला खड़ंजा मार्ग जर्जर पड़ा है। जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर जाता है और कीचड़ फैल जाता है। इससे करीब 60 परिवारों के 250 से अधिक लोगों की आवाजाही प्रभावित है।
ग्रामीणों के मुताबिक, मार्ग की हालत इतनी खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन फिसलने से लोग चोटिल हो चुके हैं। छोटे वाहनों के फंसने और पलटने की घटनाएं भी होने की बात ग्रामीणों ने कही है।
आपात स्थिति में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर मार्ग के कारण आपात स्थिति में परेशानी बढ़ जाती है। उनके मुताबिक, कई बार एंबुलेंस और डायल-112 का वाहन बस्ती तक पहुंचने में दिक्कत होती है। ऐसे में मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को पहले से है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों ने मार्ग की स्थिति की जांच कराकर स्थायी समाधान की मांग की है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/sampurn-samadhan-diwas-403-shikayaten-ambedkarnagar/
500 मीटर आरसीसी सड़क बनाने की मांग
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही करीब 500 मीटर लंबाई में आरसीसी सड़क बनवाने की मांग रखी है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की मरम्मत होने से बस्ती की मुख्य सड़क से आवाजाही सुगम हो सकेगी और बारिश में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।









