मोतिगरपुर के प्राचीन आश्रम को मिलेगा पर्यटन स्थल का स्वरूप

एक करोड़ से होगा कायाकल्प, 75 लाख की पहली किस्त जारी; एमएलसी हरिओम पांडेय ने किया भूमि पूजन

अंबेडकरनगर। विकासखंड बसखारी के ग्राम मोतिगरपुर स्थित परमहंस फलाहारी महाराज अंगिरा मुनि उर्फ झुल्लर दास आश्रम अब पर्यटन सुविधाओं से सुसज्जित होगा। आश्रम के सौंदर्यीकरण, पर्यटन विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें से 75 लाख रुपये की पहली किस्त कार्यदायी संस्था को जारी हो चुकी है।

विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर यह धनराशि स्वीकृत हुई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएनडीएस की अयोध्या इकाई को दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को आश्रम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हरिओम पांडेय ने भूमि पूजन और शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख बसखारी नरेंद्र मोहन सिंह मौजूद रहे।

यात्री शेड, टॉयलेट ब्लॉक और सोलर लाइट से बदलेगी तस्वीर
पर्यटन विकास की राशि से आश्रम परिसर में यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। यहां यात्री शेड और टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण होगा। पेयजल व्यवस्था के लिए समरसेबल पंप और बोरिंग कराई जाएगी।

इसके साथ सेप्टिक टैंक, सॉकपिट, पेवर ब्लॉक इंटरलॉकिंग, साइनेज, स्टोन बेंच और सोलर एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। परिसर में आरओ वाटर कूलर भी लगाया जाएगा।

इन कार्यों से आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बैठने, पेयजल, शौचालय और परिसर की आवाजाही जैसी जरूरी सुविधाएं बेहतर होंगी।

सदियों पुरानी साधना परंपरा से जुड़ा है आश्रम
मोतिगरपुर का यह आश्रम धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा स्थल है। परमहंस फलाहारी महाराज अंगिरा मुनि से जुड़े इस आश्रम में लंबे समय से साधना, धार्मिक अनुष्ठान और वेद-पाठ की परंपरा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button