अंबेडकरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों की क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित अंबेडकरनगर प्रीमियर लीग के लिए बुधवार को खिलाड़ियों का ट्रायल हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 200 खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। पूर्व क्रिकेटर फैयाज फारूकी ने कहा कि यह लीग ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी। गुरुवार को भी ट्रायल जारी रहेगा।
10 टीमों के लिए खिलाड़ियों पर लगेगी बोली
फैयाज फारूकी ने बताया कि टूर्नामेंट आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों की 15 नवंबर को मेगा नीलामी होगी। इसमें 10 टीमों के मालिक शामिल होंगे और बोली लगाकर अपनी-अपनी टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगे।
विजेता को डेढ़ और उपविजेता को मिलेगा एक लाख
टूर्नामेंट का आयोजन दिसंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। विजेता टीम को डेढ़ लाख रुपये और उपविजेता टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। फैयाज फारूकी के मुताबिक, आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कुछ क्रिकेट मैदानों पर काम चल रहा है, जिसे समय से पहले पूरा करने का लक्ष्य है।









