नहर किनारे मिला खून से सना शव

सिर-चेहरे पर वार के निशान से हत्या की आशंका

अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जीवत–मधईपुर गांव के पास नहर किनारे शुक्रवार सुबह एक 45 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था और सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्राथमिक जांच में ईंट या पत्थर से हमला कर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान बसखारी थाना क्षेत्र के बीबीपुर परसा निवासी संजय सिंह (45) के रूप में हुई। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सुबह घर से निकला, शाम तक नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार संजय सिंह बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे घर से चाय पीने के लिए निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह नहर किनारे शव मिलने की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। बड़े भाई शंकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।

मृतक तीन भाइयों में मंझिला था। वह अविवाहित था। परिवार में पिता लल्लू सिंह हैं, जबकि मां का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार की आर्थिक स्थिति मजदूरी पर निर्भर है।

पुराने हादसे से कमजोर थी हालत

परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले संजय सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसके दाहिने पैर में रॉड डाली गई थी। इसके बाद वह ठीक से चल नहीं पाता था और कामकाज भी बंद हो गया था।

हत्या के एंगल से जांच शुरू

घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक तौर पर सिर पर चोट के गंभीर निशान मिलने से हत्या की आशंका मजबूत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button