अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में पिछले करीब 15 दिनों से सिंचाई पंप और मोटर चोरी की घटनाओं से किसान परेशान हैं। ताजा घटना में खेत पर लगी करीब 14 हजार रुपये कीमत की सिंचाई मोटर चोरी हो गई। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात में खेत से खोल ले गए मोटर
हाजीपुर निवासी प्रियांशु पांडेय ने बताया कि उन्होंने खेत की सिंचाई के लिए मोटर लगा रखी थी। इसका विद्युत कनेक्शन भी उनके नाम पर है। उनके मुताबिक, रात करीब 10 बजे से 12 बजे के बीच अज्ञात लोग खेत पर पहुंचे और मोटर खोलकर ले गए।
सुबह खेत पर पहुंचने पर मोटर गायब मिली। इसके बाद पीड़ित ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। बाद में जहांगीरगंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष रितेश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि मोटर चोरी की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम काम कर रही है।
आधा दर्जन से अधिक मोटर चोरी होने का दावा
ग्रामीणों के मुताबिक, हाजीपुर गांव में अब तक आधा दर्जन से अधिक सिंचाई मोटर चोरी हो चुकी हैं। इससे किसानों को खेतों की सिंचाई को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों फूलचंद गोंड, मोतीलाल गोंड, सहदेव धुरिया, सभाजीत यादव, प्रियांशु पांडेय, राम अंजोर धुरिया, श्रीमान यादव, बजरंगी पांडे और मुन्ना यादव समेत अन्य लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।









