11 हजार वोल्ट लाइन टूटने से गाय की मौत, दो बच्चे बाल-बाल बचे

ग्रामीणों ने जर्जर बिजली लाइन और विभागीय लापरवाही का लगाया आरोप, तीन गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित

  • बर्धाभीउरा में टूटी 11 हजार वोल्ट लाइन
  • हादसे में गाय की मौके पर मौत
  • दो बच्चे बाल-बाल बचे

अम्बेडकरनगर। अकबरपुर टाउन फीडर के अंतर्गत ग्राम बर्धाभीउरा में शनिवार शाम 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन टूटने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में एक गाय की मौके पर मौत हो गई, जबकि पास में मौजूद दो बच्चे बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित बिजली लाइन लंबे समय से जर्जर थी और पहले भी कई बार टूट चुकी थी। उनका कहना है कि हर बार लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन नई लाइन नहीं डाली गई। ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में कई बार शिकायत भी की गई थी।

बताया गया कि हादसे से पहले ट्रांसफार्मर पर स्पार्किंग होने लगी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने कंट्रोल रूम पर फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करने की सूचना दी। आरोप है कि प्रक्रिया में देरी के दौरान ही लाइन टूट गई और हादसा हो गया।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि घटना के समय संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। बाद में डायल-112 पुलिसकर्मी की ओर से संपर्क किए जाने पर भी बात नहीं हो सकी।

हादसे के 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी ग्रामीणों के अनुसार कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। घटना के बाद से तीन गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे धान की रोपाई कर रहे किसानों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और जर्जर बिजली लाइन को बदलने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button