- जलालपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हमला
- युवक के सिर पर आई गंभीर चोट
- लाठी-डंडे और धारदार हथियार से वार
- ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी फरार
अंबेडकरनगर के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। ताहापुर इस्माइलपुर गांव में शनिवार रात घर के बाहर खड़े युवक पर लाठी-डंडों, चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप है। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर के बाहर शुरू हुआ विवाद, विरोध करने पर हमला
ताहापुर इस्माइलपुर निवासी अंकुर के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे गांव के ही पांच लोग उसके घर के बाहर पहुंचे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों, चाकू व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।
ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भागे
घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
अस्पताल में इलाज के बाद पुलिस को दी तहरीर
परिजनों और ग्रामीणों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित ने जलालपुर कोतवाली में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।









