अंबेडकरनगर। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए चलाए जा रहे यातायात माह में पुलिस ने शनिवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के 21वें दिन जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 661 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, 18 वाहन चालकों से 24 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
हेलमेट, सीट बेल्ट और मोबाइल पर विशेष नजर
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में उपसंभागीय परिवहन अधिकारी सतेन्द्र सिंह यादव और यातायात प्रभारी जयबहादुर यादव ने टीम के साथ अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, ड्राइविंग के समय मोबाइल इस्तेमाल करने, गलत दिशा में वाहन चलाने और नाबालिगों के वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा वाहनों में अनधिकृत हूटर और सायरन के इस्तेमाल तथा निर्धारित गति सीमा के उल्लंघन की भी जांच की गई। सड़क किनारे खड़े चारपहिया वाहनों को रिकवरी वैन की मदद से हटवाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया।
दोनों एक्सप्रेसवे पर 400 वाहनों के चालान
ऑपरेशन सेफ स्पीड के तहत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने पर 400 वाहनों के चालान किए गए। इन पर कुल आठ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एक नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक तेज गति से वाहन चलाने के मामले में कुल 1,900 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं।
21 दिन में 11,812 वाहनों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार, एक नवंबर से 21 नवंबर तक जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 11,812 वाहनों के चालान किए गए। इस दौरान 139 वाहन चालकों से कुल 1,93,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।









