
अम्बेडकरनगर। शनिवार को आयोजित थाना दिवस में टांडा थाने पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त जनसुनवाई देखने को मिली। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सीधे सुनीं और प्रत्येक प्रार्थना पत्र का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों और अन्य समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील मामलों में मौके पर जांच के निर्देश
दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद और अन्य संवेदनशील मामलों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर तथ्यात्मक जांच करे और रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और तय समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
हर शिकायत का समयबद्ध निस्तारण होगा प्राथमिकता
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का नियमित फॉलोअप किया जाए। प्रत्येक मामले की प्रगति की समीक्षा करते हुए शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।









