किसान दिवस में खेती के साथ कमाई के नए रास्तों पर जोर

मोती की खेती का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण, कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी 20 अगस्त को

अंबेडकरनगर। किसान दिवस में बुधवार को किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ खेती से अतिरिक्त आय के विकल्पों पर भी चर्चा हुई। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मोती की खेती का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। किसानों ने कृषि यंत्रों पर अनुदान, क्रय केंद्रों के संचालन समेत कई समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक कृषि डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने की। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले किसानों का चयन 20 अगस्त को दोपहर 12 बजे एनआईसी कक्ष में ई-लॉटरी से किया जाएगा। आवेदन करने वाले किसानों से निर्धारित समय पर उपस्थित रहने को कहा गया।
सीप में न्यूक्लियस डालने की प्रक्रिया दिखाई
किसान दिवस का प्रमुख आकर्षण मोती उत्पादन का प्रशिक्षण रहा। मास्टर ट्रेनर संतोष सिंह ने सीप को चिमटी की सहायता से खोलकर उसमें न्यूक्लियस डालने की प्रक्रिया का मौके पर प्रदर्शन किया। किसानों को मोती उत्पादन की तकनीक और इसके उत्पादन चक्र की जानकारी दी गई।
अधिकारियों के अनुसार जिले में 30 मोती पालकों का चयन किया जा चुका है। चयनित किसानों को जहांगीरगंज स्थित संतोष सिंह के तालाब पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। मोती उत्पादन का चक्र करीब डेढ़ वर्ष का बताया गया। उचित तकनीक से एक बिस्वा तालाब क्षेत्र में भी मोती उत्पादन कर आय अर्जित की जा सकती है।
रबी फसलों के बीज की बुकिंग की जानकारी
जिला कृषि अधिकारी ने तोरिया, सरसों, चना, मटर और गेहूं समेत रबी फसलों के बीज की बुकिंग के संबंध में जानकारी दी। कृषि रक्षा रसायनों पर मिलने वाले अनुदान को पॉस मशीन के माध्यम से प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button