लोअर पीसीएस अभ्यर्थियों के लिए नारायण फाउंडेशन ने खोले दरवाजे

150 से अधिक को मिली मुफ्त ठहरने की सुविधा

परीक्षा केंद्र अंबेडकरनगर आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रात्रि विश्राम, भोजन, नाश्ता और आवागमन की व्यवस्था

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की लोअर पीसीएस परीक्षा देने अंबेडकरनगर पहुंचे बाहरी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए नारायण फाउंडेशन ने निशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था की। फाउंडेशन के संरक्षक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य के नेतृत्व में मौर्या स्टेट मैरिज लॉन, मौर्य नगर, पुन्थर, टांडा में यह व्यवस्था की गई।

परीक्षा से एक दिन पहले पहुंचे 150 से अधिक अभ्यर्थियों के लिए रात में ठहरने, भोजन और सुबह नाश्ते की व्यवस्था की गई। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए आवागमन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। दिल्ली, प्रयागराज, लखनऊ, जौनपुर, भदोही, गोरखपुर, बलिया, गाजीपुर और वाराणसी समेत कई जिलों से अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे।

ठहरने की चिंता से मिली राहत

अभ्यर्थियों ने बताया कि दूसरे जिले में परीक्षा केंद्र होने पर सबसे बड़ी चिंता ठहरने और भोजन की होती है। परीक्षा के समय होटल और अन्य ठहरने के स्थानों पर भीड़ बढ़ जाती है। फाउंडेशन की व्यवस्था से उन्हें इन परेशानियों से राहत मिली और परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देने का अवसर मिला।

परीक्षार्थियों के लिए वर्षों से व्यवस्था

विवेक मौर्य ने कहा कि अंबेडकरनगर में परीक्षा केंद्र पड़ने पर बाहरी जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए फाउंडेशन की ओर से कई वर्षों से निशुल्क ठहरने, भोजन और आवागमन की व्यवस्था की जा रही है। उनका कहना है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा से पहले अनावश्यक परेशानी न हो, यही इस पहल का उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button