अंबेडकरनगर। अयोध्या एयरपोर्ट से घर जाने के लिए वाहन तलाश रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकित कुमार को लिफ्ट देना दो लोगों की लूट की साजिश का हिस्सा निकला। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार दोनों आरोपियों ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर अंकित को बेहोश कर दिया। इसके बाद उनका सामान लेकर भाग निकले। पीड़ित इब्राहिमपुर क्षेत्र के मठिया गांव के पास मिला। शिकायत मिलने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के हतवा गांव निवासी उमेश केवट और अशोक केवट के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और पुलिस के अनुसार, नवाबगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं।
लैपटॉप से पहचान पत्र तक, पूरा सामान मिला
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, एक आईपैड, दो मोबाइल फोन, चार्जर, आधार और पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दो पहचान पत्र, चार एटीएम कार्ड, हेडफोन, ट्रॉली बैग, कपड़े और अन्य घरेलू सामान बरामद किया। पुलिस का दावा है कि अंकित का पूरा सामान मिल गया है। आरोपियों के पास से 19 ग्राम डायजापाम पाउडर भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, इसका इस्तेमाल लोगों को बेहोश करने में किया जाता था।
पहचान छिपाने के लिए बाइक से की छेड़छाड़
इंस्पेक्टर वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पहचान छिपाने के लिए बाइक का इंजन नंबर भी खुरचा गया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नाम बदलकर और कूटरचित नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर वारदात करते थे। जीआरपी थानों में भी इनके खिलाफ नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने के मामले दर्ज हैं।









