अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अम्बेडकरनगर में ठहरने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। परीक्षा 23 अगस्त, रविवार को आयोजित होगी। जिले में परीक्षा केंद्र पाने वाले अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
यह व्यवस्था नारायण फाउंडेशन की ओर से टांडा क्षेत्र में की गई है। अभ्यर्थियों के रहने, भोजन और विश्राम के लिए मौर्या स्टेट एंड जगत पैलेस गेस्ट हाउस, मौर्य चौराहा, रामपुर कलां, टांडा में व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्र अम्बेडकरनगर में तो यहां रुक सकेंगे अभ्यर्थी
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि जिन अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र अम्बेडकरनगर में निर्धारित है, वे परीक्षा से पहले या परीक्षा के दौरान इस सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। व्यवस्था का उद्देश्य अभ्यर्थियों को ठहरने और भोजन के लिए अलग से खर्च न करना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए किया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए रहने के साथ भोजन और विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए निर्धारित स्थल पर व्यवस्था की गई है।
परीक्षा से पहले पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
दूसरे जिलों से अम्बेडकरनगर आने वाले अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा से पहले ठहरने और भोजन की व्यवस्था करना चुनौती रहता है। ऐसे में नारायण फाउंडेशन की ओर से की गई निःशुल्क व्यवस्था से उन्हें सुविधा मिल सकेगी।
फाउंडेशन की ओर से अभ्यर्थियों से परीक्षा से जुड़े जरूरी दस्तावेज और निर्धारित समय का ध्यान रखने की अपील की गई है।









