अम्बेडकरनगर। शादी से महज दो दिन पहले एक युवती पर उसके मंगेतर द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवती के चेहरे पर कई गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
घटना मालीपुर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर कोड़रा गांव की रहने वाली 24 वर्षीय ज्योति से जुड़ी है। उसकी शादी छह जुलाई को इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के बराहिमपुर निवासी मृत्युंजय के साथ होनी थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिजनों के अनुसार, दोनों ने पहले कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह की तिथि तय की गई थी और तैयारियां अंतिम चरण में थीं।
फेशियल कराने के बहाने बुलाया, फिर हुआ हमला
परिजनों का आरोप है कि शनिवार को मृत्युंजय ने ज्योति को फोन कर शादी से पहले फेशियल कराने के बहाने बुलाया। वह उसे अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर ककरडीला के पास ले गया। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मृत्युंजय ने हंसिये से युवती के चेहरे पर लगातार कई वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।









