10 सबसे कम उपस्थिति वाले स्कूलों की बनेगी सूची, सुधार की तैयारी

निपुण टास्क फोर्स की बैठक में डीएम ने दिए निर्देश, शिक्षक प्रशिक्षण 91 प्रतिशत पूरा; नरहरपुर कंपोजिट विद्यालय का निर्माण नवंबर में पूरा करने की चेतावनी

अंबेडकरनगर। परिषदीय विद्यालयों में नामांकन के सापेक्ष कम उपस्थिति वाले स्कूलों की अब अलग से निगरानी होगी। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अक्टूबर और नवंबर में सबसे कम छात्र उपस्थिति वाले 10 विद्यालयों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति तथा निपुण टास्क फोर्स की बैठक में उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता, शिक्षक प्रशिक्षण और विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में लक्ष्य के सापेक्ष शिक्षकों का प्रशिक्षण 91 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष शिक्षकों का प्रशिक्षण भी जल्द पूरा कराने को कहा। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और पढ़ाई को रुचिकर व गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर दिया।

बाल वाटिका के तहत जिले के सभी 183 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर आउटडोर प्ले मैटेरियल की आपूर्ति पूरी हो चुकी है। रामनगर, जहांगीरगंज और बसखारी विकासखंड की सत्यापन रिपोर्ट भी मिल गई है। शेष विकासखंडों में सत्यापन पूरा कर रिपोर्ट देने के निर्देश संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए।

नरहरपुर विद्यालय के निर्माण में देरी पर नाराजगी

ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी परिषदीय विद्यालयों को निर्धारित 19 पैरामीटर पर शत-प्रतिशत संतृप्त करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय नरहरपुर की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी करने और नवंबर में हर हाल में निर्माण पूरा कर विद्यालय को विभाग को सौंपने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button