अंबेडकरनगर। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर बुधवार को अकबरपुर नगर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर पालिका परिषद अकबरपुर की संयुक्त टीम ने बाजार में दुकानों की जांच की। इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और बिक्री करते मिले पांच दुकानदारों पर कुल 3,100 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान गांधी चौक से शुरू होकर मालीपुर रोड, संघतिया होते हुए शहजादपुर तक चलाया गया। टीम ने दुकानों पर पॉलिथीन, थर्माकोल और अन्य प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की जांच की। कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग या बिक्री न करने की हिदायत दी गई।
जुर्माने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अभियान के दौरान लोगों को प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। ‘मेरा थैला मेरी शान’ पहल के तहत बाजार जाते समय कपड़े का थैला साथ रखने की अपील की गई। टीम ने बताया कि प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी लाने के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है।
तिरंगे के साथ स्वच्छता का संदेश
अभियान में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम को भी जोड़ा गया। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दुकानदारों और स्थानीय लोगों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए। उनसे अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।
अभियान में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से लक्ष्येंद्र सिंह और आकाश गिरी, नगर पालिका के अवर अभियंता (जलकल) शैलेंद्र सिंह, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी जसवंत सिंह यादव तथा आईटीसी मिशन सुनहरा कल और उमंग सेवा समिति से राहुल यादव शामिल रहे। नगर पालिका के अन्य कर्मचारी भी अभियान में मौजूद रहे।









