ससुराल में ताला, विवाहिता बाहर; एक सप्ताह से आसरे की तलाश

पति समेत ससुरालीजन घर छोड़कर चले गए, कभी गांव में तो कभी परिचितों के यहां रात गुजार रही महिला; पुलिस से लगाई गुहार

अम्बेडकरनगर। सात फेरे लेकर जिस घर को अपना स्थायी ठिकाना माना, उसी घर के दरवाजे पर अब एक विवाहिता के लिए ताला लगा है। पति समेत ससुरालीजन घर छोड़कर चले गए हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से विवाहिता गांव में रहने के लिए ठिकाना तलाश रही है। कभी किसी परिचित के यहां रात गुजारती है तो सुबह फिर आसरे की तलाश में निकलती है। आखिरकार उसने पुलिस से शिकायत कर ससुराल में रहने का अधिकार दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
2023 में हुई थी शादी
टांडा के कश्मीरिया मोहल्ला निवासी रूपम रंजन की शादी 19 फरवरी 2023 को सम्मनपुर थाना क्षेत्र के मालीपुर गयासपुर निवासी अशोक कुमार से हुई थी। महिला के मुताबिक उसका पति मुंबई में एक निजी कंपनी में काम करता है और कभी-कभी घर आता है।
प्रताड़ना और मारपीट का आरोप
विवाहिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ससुरालीजन उस पर अलग-अलग तरह के आरोप लगाकर प्रताड़ित करते रहे। पति पर भी कई बार मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विवाद के बावजूद उसने ससुराल छोड़ने की कोशिश नहीं की। उसे उम्मीद थी कि परिवार के लोगों का व्यवहार आगे बदल जाएगा।
एक सप्ताह पहले बंद मिला घर
महिला के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले वह ससुराल पहुंची तो घर पर ताला लगा मिला। पति और अन्य ससुरालीजन वहां नहीं थे। मायके पक्ष के लोगों ने भी ससुराल पहुंचकर जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन घर बंद मिलने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button