युवाओं में बढ़ रहा डिप्रेशन और तनाव, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला अस्पताल में शिविर और नुक्कड़ नाटक, मानसिक समस्याओं को गंभीरता से लेने की अपील

अंबेडकरनगर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, अकबरपुर में जागरूकता शिविर और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आशीर्वाद फाउंडेशन, लखनऊ के सहयोग से कार्यक्रम कराया। इसमें मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और युवाओं में बढ़ती मानसिक समस्याओं पर जानकारी दी गई।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीएन यादव ने कहा कि मानसिक समस्याएं भी शारीरिक बीमारियों की तरह गंभीर होती हैं। युवाओं में डिप्रेशन, एंजायटी और तनाव की समस्या बढ़ रही है। पढ़ाई और नौकरी का दबाव, करियर की अनिश्चितता, पारिवारिक अपेक्षाएं और असफलता का डर इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। सोशल मीडिया पर दूसरों से तुलना करने की प्रवृत्ति भी युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है।

उन्होंने बताया कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस हर साल 10 अक्तूबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मानसिक समस्याओं को समझने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों ने भी लोगों को उपयोगी जानकारी दी। आशीर्वाद फाउंडेशन के सहयोगियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस दौरान जिला चिकित्सालय प्रबंधक डॉ. हर्षित गुप्ता, डॉ. जेके वर्मा, पराविधिक स्वयंसेवक प्रमोद, रामधनी, धर्मेंद्र और संदीप शाही सहित अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button