सरयू में नहाते समय गहरे पानी में पहुंचा किशोर, ग्रामीणों ने बचाई जान

जहांगीरगंज क्षेत्र के हिच्छनापुर कवटली के पास हादसा; गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती, उपचार जारी

अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को सरयू नदी में नहाते समय 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पानी से बाहर निकाल लिया। किशोर की हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जहांगीरगंज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

हादसा आलापुर तहसील क्षेत्र में हिच्छनापुर कवटली के पास हुआ। टडवा फरीदपुर निवासी आशु (16) पुत्र राजू सरयू नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में पहुंच गया। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगा।

डूबते किशोर को देख नदी में कूदे ग्रामीण

आशु को नदी में डूबता देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। इसके बाद कई ग्रामीण बिना देर किए नदी में उतर गए। ग्रामीणों ने मिलकर किशोर को पानी से बाहर निकाला।

बचाव में हीरालाल निषाद, प्रदीप निषाद, रामनारायण निषाद, सुमित निषाद, सूरज निषाद, अनुपम निषाद, राहुल निषाद, शिवकुमार निषाद, सचिन निषाद और दुर्ग विजय निषाद समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

ग्रामीणों के प्रयास से आशु को समय रहते नदी से बाहर निकाल लिया गया। उस समय उसकी हालत गंभीर बताई गई।

काफी पानी पीने से बिगड़ी हालत

नदी से निकालने के बाद परिजन और ग्रामीण आशु को तत्काल सीएचसी जहांगीरगंज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशिक चौधरी और डॉ. इमलेश के अनुसार, डूबने के दौरान किशोर के शरीर में काफी पानी चला गया था। उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है। पूरी तरह स्वस्थ होने में कुछ समय लग सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button