स्कूल बसों के 37 चालकों की स्वास्थ्य और नेत्र जांच, तीन को चश्मे की सलाह

मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत शिविर, वाहनों के दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस भी जांचे

अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा को लेकर चल रहे ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ अभियान के तहत बुधवार को अकबरपुर में स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर लगाया गया। डा. ए.के. पब्लिक स्कूल, तमसा मार्ग परिसर में आयोजित शिविर में पांच स्कूलों के 37 वाहन चालकों की जांच की गई।
शिविर में डा. ए.के. पब्लिक स्कूल, मदर टेरेसा, डोएन पब्लिक स्कूल, ग्लोबल विजडम पब्लिक स्कूल और मां ब्रह्मा देवी विद्यालय के चालक शामिल हुए। मेडिकल आफीसर डा. शिवचरन और नेत्र परीक्षण अधिकारी बाबूराम ने सभी चालकों की सामान्य स्वास्थ्य और आंखों की जांच की। जांच में 34 चालक स्वस्थ पाए गए, जबकि तीन चालकों को चश्मा बनवाने की सलाह दी गई।
वाहनों के दस्तावेज भी खंगाले
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव ने स्कूल परिसर में खड़े वाहनों का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी देखे गए।
उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधन से अपील की कि वैध दस्तावेज वाले वाहनों का ही संचालन किया जाए। वाहन की फिटनेस और अन्य जरूरी कागजात की वैधता सुनिश्चित करने के बाद ही उसे सड़क पर उतारा जाए।
नियमित जांच कराने की सलाह
मेडिकल आफीसर डा. शिवचरन ने वाहन चालकों से नियमित रूप से स्वास्थ्य और आंखों की जांच कराने को कहा। उन्होंने बताया कि बच्चों को लेकर चलने वाले वाहन चालकों के लिए अच्छी दृष्टि और बेहतर स्वास्थ्य बेहद जरूरी है।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात उप निरीक्षक जय बहादुर यादव ने वाहन चालकों और आम लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और रेड लाइट का उल्लंघन न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button