अब मोबाइल पर मिलेगा काम का मौका, श्रमिकों के लिए आया डिजिटल लेबर चौक एप

कौशल और अनुभव के आधार पर रोजगार से जुड़ेंगे श्रमिक, जिले में 1.51 लाख पंजीकृत श्रमिक

अंबेडकरनगर। रोजगार की तलाश में श्रमिकों को अब काम की तलाश में इधर-उधर भटकने से राहत मिल सकती है। श्रम विभाग ने स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश डिजिटल लेबर चौक एप शुरू किया है। इसके माध्यम से श्रमिक अपनी प्रोफाइल तैयार कर कौशल और अनुभव के अनुसार रोजगार के अवसर तलाश सकेंगे।
एप निर्माण श्रमिकों के अलावा राजमिस्त्री, बढ़ई, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, पेंटर, वेल्डर और टाइल्स मिस्त्री समेत कुशल, अर्द्धकुशल और अकुशल श्रमिकों के लिए उपयोगी है। मोबाइल नंबर से पंजीयन के बाद श्रमिक नाम, पता, काम का प्रकार, कौशल, अनुभव और इच्छित कार्य क्षेत्र की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
रोजगार देने वालों से भी बनेगा सीधा संपर्क
सहायक श्रमायुक्त संत पाल ने बताया कि एप के माध्यम से श्रमिकों और रोजगार देने वालों के बीच संपर्क आसान होगा। प्रोफाइल में दर्ज कौशल और अनुभव के आधार पर श्रमिकों को उपयुक्त काम की जानकारी मिलने में मदद मिलेगी।
श्रम विभाग जागरूकता और पंजीयन शिविर लगाकर श्रमिकों को एप डाउनलोड कराने के साथ प्रोफाइल बनाने और अपडेट करने की जानकारी दे रहा है। समस्या होने पर श्रमिक श्रम कार्यालय, जनसेवा केंद्र या विभागीय शिविर से सहायता ले सकते हैं।
1.51 लाख पंजीकृत, एप तक पहुंच अभी सीमित
जिले में करीब 1.51 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं। इनमें अब तक केवल 315 श्रमिकों ने डिजिटल लेबर चौक एप इंस्टाल किया है। विभाग की ओर से श्रमिकों को अधिक से अधिक संख्या में डिजिटल माध्यम से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
श्रम विभाग ने श्रमिकों से प्रोफाइल में सही कौशल और अनुभव दर्ज करने तथा उसे समय-समय पर अपडेट रखने की अपील की है। पात्र श्रमिकों को विभाग की सात योजनाओं और अन्य संबंधित योजनाओं के लिए अपना पंजीयन व नवीनीकरण भी अद्यतन रखने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button