शिक्षकों को मिला कैशलेस इलाज का सुरक्षा कवच

छात्रों के खातों में पहुंची 1200 रुपये की डीबीटी राशि

  • अंबेडकरनगर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, स्कूल चलो अभियान को भी मिली रफ्तार

अंबेडकरनगर। जिले में बुधवार को शिक्षा और शिक्षक कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहल एक साथ देखने को मिलीं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही प्रदेशभर के विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान स्कूल चलो अभियान के प्रचार वाहन और जागरूकता रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में लखनऊ से आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

शिक्षकों, अनुदेशकों और रसोइयों को मिलेगा योजना का लाभ

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, संस्कृत, स्ववित्तपोषित और व्यावसायिक विद्यालयों के शिक्षक लाभान्वित होंगे। इसके अलावा विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक और अंशकालिक शिक्षक, पीएम पोषण योजना के रसोइये तथा उनके आश्रित भी योजना के दायरे में शामिल किए गए हैं। कार्यक्रम में लाभार्थियों को प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए।

विद्यार्थियों के लिए डीबीटी, शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी। साथ ही लगभग 10 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू की जानकारी भी साझा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button