- सिझौली की इंटर की छात्रा की एक साल की फीस कराई जमा, आर्थिक संकट के बीच मिला शिक्षा का सहारा
अंबेडकर नगर। कैंसर से पिता के निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे एक परिवार की बेटी की पढ़ाई अब नहीं रुकेगी। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के सिझौली गांव की छात्रा नंदिनी प्रजापति की शिक्षा का खर्च भाजपा नेता और नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने उठाने की घोषणा की है। इसके साथ ही छात्रा की एक वर्ष की फीस भी जमा करा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सिझौली निवासी राकेश कुमार प्रजापति का हाल ही में कैंसर के कारण निधन हो गया। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके निधन के बाद पत्नी कुसुम, बेटी नंदिनी और छोटे बेटे के सामने आर्थिक कठिनाइयां खड़ी हो गईं। ऐसे में इंटर की छात्रा नंदिनी की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन गई थी।
परिवार की जानकारी मिलने पर विवेक मौर्य सिझौली पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नंदिनी की शिक्षा जारी रखने का निर्णय लिया। अगले ही दिन अकबरपुर के सैनिक इंटर कॉलेज में छात्रा की प्रवेश संबंधी प्रक्रिया पूरी कराते हुए एक वर्ष की फीस जमा कराई गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आर्थिक अभाव के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
जरूरतमंद परिवारों के सहयोग का सिलसिला जारी
नारायण फाउंडेशन के माध्यम से जिले में शिक्षा और सामाजिक सहयोग से जुड़े कई कार्यक्रम संचालित किए जाते रहे हैं। संस्था की ओर से पहले भी जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक और गृह उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। अकबरपुर में आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में 21 जोड़ों का विवाह भी कराया गया था।









