अंबेडकरनगर। पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों के लिए रविवार को विकास भवन सभागार में सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ। प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान रसोइयों के मानदेय में वृद्धि समेत कई सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसे लेकर जिले में मौजूद रसोइयों ने प्रसन्नता जताई।
कार्यक्रम में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत प्रशासक एवं पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला समेत अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रसोइये मौजूद रहे।
1000 से 3000 रुपये हुआ मानदेय
कार्यक्रम में बताया गया कि पीएम पोषण योजना के रसोइयों का मानदेय अब 3000 रुपये प्रतिमाह होगा। कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि पहले रसोइयों को 1000 रुपये मिलते थे। इसे बढ़ाकर 2000 और अब 3000 रुपये किया गया है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की अहम भूमिका है।
कैशलेस इलाज के साथ दुर्घटना सहायता
कार्यक्रम में रसोइयों के लिए प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा शुरू किए जाने की जानकारी दी गई। दुर्घटना की स्थिति में परिवार को दो लाख रुपये की सहायता का प्रावधान भी बताया गया।
इसके अलावा साड़ी के लिए दी जाने वाली धनराशि को बढ़ाकर 1000 रुपये किए जाने की जानकारी दी गई। इन घोषणाओं को रसोइयों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक हितों से जोड़कर देखा गया।
3.54 लाख रसोइयों को मिलेगा लाभ
सजीव प्रसारण के दौरान प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण की शुरुआत की गई। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि पीएम पोषण योजना के संचालन में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके पोषण का ध्यान रखने में उनका योगदान रहता है।









