
- उपलब्धि से पुलिस का मनोबल बढ़ा, जनता में गर्व की भावना
- सीसीटीएनएस योजना से अपराध नियंत्रण और त्वरित जांच में मिली सफलता
- एसपी ने टीम को दिया श्रेय, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का संकल्प
अंबेडकरनगर। जिले की पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और तकनीकी दक्षता से पूरे प्रदेश में अलग पहचान बनाई है। तकनीकी सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ द्वारा जुलाई 2025 माह के लिए जारी रैंकिंग में अंबेडकरनगर जनपद ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।
सीसीटीएनएस योजना में मिला सर्वोच्च स्थान
अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) नवीन अरोरा द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में यह स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि अंबेडकरनगर पुलिस ने सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) योजना के क्रियान्वयन और संचालन में उत्कृष्ट कार्य किया है।
इस उपलब्धि का श्रेय जिले के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के नेतृत्व और उनकी कड़ी निगरानी को दिया गया है।
एडीजी ने की सराहना
एडीजी नवीन अरोरा ने प्रशस्ति पत्र जारी करते हुए कहा कि एसपी केशव कुमार द्वारा किया गया कार्य न केवल सराहनीय है बल्कि यह पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को भी नई ऊँचाई देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर अंबेडकरनगर पुलिस प्रदेश स्तर पर उदाहरण पेश करती रहेगी।
जिले की पुलिस का बढ़ा मनोबल
इस उपलब्धि से पूरे जनपद की पुलिस का मनोबल ऊँचा हुआ है। जवानों और अधिकारियों में गर्व की अनुभूति है कि उनकी मेहनत को प्रदेश स्तर पर सराहा गया है। पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि यह सफलता आगे भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगी।








