अंबेडकरनगर। जिले के सभी प्राथमिक विद्यालयों में अब हर माह की तीन तारीख को पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।
पीटीएम में बच्चों की शैक्षिक प्रगति और रिपोर्ट कार्ड की समीक्षा होगी। साथ ही उनकी नियमित और शत-प्रतिशत उपस्थिति को लेकर अभिभावकों से चर्चा की जाएगी। बच्चों की पढ़ाई में आ रही समस्याओं और उनके सीखने के स्तर पर भी शिक्षक अभिभावकों से संवाद करेंगे।
ड्रेस और शिक्षा की गुणवत्ता पर भी चर्चा
बैठक में निर्धारित स्कूल ड्रेस के पालन की स्थिति देखी जाएगी। शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सीखने की क्षमता पर भी चर्चा होगी। शिक्षकों को अभिभावकों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समय पर पता लगाया जा सके।
बच्चों की स्वच्छता पर रहेगा जोर
पीटीएम में बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता को भी प्रमुखता दी जाएगी। अभिभावकों को बच्चों को साफ-सुथरा रखकर विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया जाएगा। विद्यालय की स्वच्छता बनाए रखने में अभिभावकों की भूमिका पर भी चर्चा होगी।
बीएसए ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में विद्यालय के साथ अभिभावकों की भागीदारी भी जरूरी है। पीटीएम के माध्यम से दोनों के बीच नियमित संवाद कायम करने का प्रयास किया जाएगा।









