रक्षाबंधन पर बहनों को तीन दिन मुफ्त बस यात्रा का तोहफा

27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि तक सरकारी बसों में निशुल्क सफर, 60 वर्ष से अधिक महिलाओं को अब स्थायी सुविधा

अंबेडकरनगर। रक्षाबंधन पर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बस यात्रा की दोहरी सौगात दी है। 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि 12 बजे तक उत्तर प्रदेश की सरकारी बसों में माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना शुरू की गई है। इसके तहत पात्र महिलाएं आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाकर निशुल्क बस यात्रा कर सकेंगी।

योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को लोहिया भवन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। शासन की ओर से नामित नोडल डॉ. कुमकुम धर, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, प्रशासक एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, जिलाधिकारी ईशा प्रिया और मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला समेत जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा के पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

राखी पर सफर में नहीं लगेगा किराया

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान निशुल्क बस सेवा से बहनों को भाइयों तक पहुंचने में सुविधा होगी। 27 से 29 अगस्त तक सरकारी बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं और बेटियों को किराया नहीं देना होगा। सहयात्री को भी इस सुविधा में शामिल किया गया है।

विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय ने कहा कि रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक कोई भी बहन सरकारी बस सेवा से निशुल्क यात्रा कर सकती है। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए शुरू की गई योजना के तहत पहचान पत्र दिखाकर निशुल्क यात्रा का लाभ लिया जा सकेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button