अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। शहजादपुर शहजहांपुर निवासी सद्दाम हुसैन ने अपने परिवार के साथ कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सद्दाम हुसैन का आरोप है कि उनके पिता सलीम ने महानगर कॉलोनी में जमीन खरीदकर वाहन इंजन मरम्मत का कारखाना स्थापित किया था। पिता के निधन के बाद मां की सहमति से बड़े भाई मेराज और सिराज दुकान और कारखाने का संचालन करने लगे। परिवार में कुल छह भाई हैं, जिनमें समीम अहमद, सिरताज, नियाज अहमद, सद्दाम, सिराज और मेराज शामिल हैं।
सद्दाम का कहना है कि मां की मृत्यु के बाद मेराज और सिराज ने दुकान और कारखाने पर पूरा कब्जा कर लिया। उनका आरोप है कि कारखाने की आय से पानी का प्लांट और कई अन्य जमीनें खरीदी गईं, लेकिन चार भाइयों को उनमें उनका उचित हिस्सा नहीं दिया गया। उनका यह भी कहना है कि जब भी वह पैतृक संपत्ति में अपने अधिकार की मांग करते हैं, तब विवाद होता है और उनके साथ मारपीट की जाती है।
पहले भी की थी प्रशासन से शिकायत
सद्दाम के अनुसार, उन्होंने 12 नवंबर 2025 को तत्कालीन जिलाधिकारी से पूरे मामले की शिकायत की थी। शिकायत के बाद हल्का लेखपाल अखिलेश सिंह और दो पुलिसकर्मियों ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद जिला प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी गई। सद्दाम का दावा है कि रिपोर्ट में छह भाइयों की हिस्सेदारी वाले कारखाने पर मेराज और सिराज के कब्जे का उल्लेख किया गया था।









