अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर के सिंघलपट्टी बाजार में बुधवार रात चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाया। चोर छत के ऊपर बने जीने का एलबेस्टर तोड़कर दुकानों में दाखिल हुए। किराना दुकान से 22 हजार रुपये नकद व सामान, जनसेवा केंद्र से 25 हजार रुपये और फास्ट फूड की दुकान से मशीन व बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालकों को घटना की जानकारी हुई।
थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी ओमप्रकाश की सिंघलपट्टी में बड़ौदा यूपी बैंक के पास किराना की दुकान है। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे पहुंचे तो अंदर का दरवाजा टूटा मिला और सामान बिखरा था। जांच करने पर करीब 22 हजार रुपये नकद के साथ काजू, बादाम, तेल समेत अन्य सामान गायब मिला।
एक ही मकान में दो दुकानों में चोरी
इसी मकान में बाबूलाल जनसेवा केंद्र चलाते हैं। उनकी दुकान का दरवाजा भी टूटा मिला। बाबूलाल के अनुसार, दुकान से करीब 25 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। मकान मालिक संतोष मिश्रा की फास्ट फूड की दुकान से मशीन, बर्तन समेत अन्य सामान चोर उठा ले गए।
पीड़ितों के अनुसार, चोर छत के ऊपर बने जीने के एलबेस्टर को तोड़कर अंदर घुसे थे। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से जानकारी ली। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।









