- वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत विभिन्न सरकारी संस्थानों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
- जिलेभर में चला वृक्षारोपण महायज्ञ
- स्कूलों और विभागीय कार्यालयों में लगाए पौधे
- पुलिस लाइन और थानों में हुआ पौधारोपण
- मेडिकल कॉलेज और महाविद्यालय भी हुए शामिल
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश शासन के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को जिले में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, राजकीय महाविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और परिषदीय विद्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों और बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालयों में पौधारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली और पौधों की नियमित देखभाल का संदेश दिया गया। डॉ. मिश्रा ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक हैं।
इसी अभियान के तहत अंबेडकरनगर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में सभी थाना परिसरों, पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालयों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
रमाबाई राजकीय महिला महाविद्यालय में वृक्षारोपण महायज्ञ के दूसरे दिन क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. सुधा ने प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार वर्मा के साथ पौधारोपण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले में चल रहे वृक्षारोपण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और पौधों की सुरक्षा, जियो-टैगिंग तथा उनकी उत्तरजीविता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महाविद्यालय परिसर में छायादार, दीर्घजीवी और औषधीय पौधे लगाए गए।









