
- बाल कल्याण समिति अध्यक्ष व रेलवे सुरक्षा बल की सहभागिता
- यात्रियों को किया जागरूक, शपथ लेकर किया बाल संरक्षण का संकल्प
- अंबेडकरनगर को बाल श्रम मुक्त जिला बनाने की अपील
अम्बेडकरनगर। जन विकास संस्थान द्वारा जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से संचालित एक्सेस टू जस्टिस परियोजना के अंतर्गत मंगलवार को रेलवे स्टेशन अकबरपुर पर विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस पखवाड़ा के तहत जागरूकता संगोष्ठी, जनजागरूकता रैली व शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनपद अंबेडकरनगर को बाल श्रम एवं मानव दुर्व्यापार मुक्त जिला बनाने के लिए आमजन को जागरूक करना था।
मुख्य अतिथि श्री राम नायक वर्मा, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति अंबेडकरनगर, ने मानव दुर्व्यापार को अमानवीय और गंभीर कानूनी अपराध बताया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी।
एएसआई मोहम्मद जाफर, रेलवे सुरक्षा बल, पोस्ट अकबरपुर, ने बाल तस्करी व मानव दुर्व्यापार जैसे अपराधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज को मिलकर बाल अधिकारों की रक्षा करनी होगी। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की कि वे बाल श्रम कर रहे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
एएचटीयू प्रभारी अरविंद कुमार वर्मा ने मिशन मोड में कार्य करते हुए जनपद में बाल श्रम उन्मूलन पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के मूलभूत अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस प्रयास करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर एएचटीयू टीम से मुख्य आरक्षी विनोद कुमार, आरक्षी सूरज कुमार, महिला आरक्षी चंद्रवती पाण्डेय, रेलवे सुरक्षा बल से रामजी यादव, जन विकास संस्थान के प्रोजेक्ट मैनेजर अवधेश कुमार यादव, संजय, राम प्यारे, लक्ष्मी व अन्य वालंटियरों ने मिलकर रेलवे प्लेटफार्म पर पंपलेट वितरण, जनजागरूकता रैली एवं यात्रियों को जागरूक करते हुए शपथ कार्यक्रम संपन्न कराया।








