लखनऊ। लखनऊ के सआदतगंज में हुए ट्रिपल मर्डर के पीड़ित परिवार से गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव मिलने पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी और शिवेंद्र की पत्नी रुचि तिवारी समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने हाथ जोड़कर अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई।
परिवार ने अपनी समस्याएं और मांगें अपर्णा यादव के सामने रखीं। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी बात शासन और प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का करेंगी प्रयास
अपर्णा यादव ने बताया कि पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि वह अपनी ओर से पूरा प्रयास करेंगी कि मुख्यमंत्री परिवार से मुलाकात करें। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री न्याय के प्रति प्रतिबद्ध हैं और परिवार की मांगों तथा समस्याओं को उनके सामने रखा जाएगा।
बच्ची की CMS स्कूल फीस माफी के लिए देंगी मदद
परिवार की बच्ची की पढ़ाई को लेकर भी अपर्णा यादव ने मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बच्ची जिस स्कूल यानी CMS में पढ़ती है, वहां उसकी फीस माफ कराने के लिए वह अपनी तरफ से प्रयास करेंगी।
अपर्णा यादव के मुताबिक, स्कूल प्रशासन से उनके अच्छे संबंध हैं और स्कूल जरूरतमंद बच्चों की मदद करता रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बच्ची की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए हरसंभव कोशिश की जाएगी।
दोषियों को सख्त सजा दिलाने की बात कही
अपर्णा यादव ने कहा कि एक ही घर में दिनदहाड़े तीन लोगों की हत्या की घटना बेहद भयावह है। इस तरह का अपराध पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला है। उन्होंने कहा कि वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।









