
- बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए जन-जन ने किया श्रद्धांजलि अर्पित
- ग्राम पंचायतों में बाबा साहब की जयंती पर उत्सवमयी माहौल
- बाबा साहब के विचारों पर संवाद और चर्चा का आयोजन
अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित भव्य गोष्ठी में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने बाबा साहब को संविधान निर्माता, वंचितों के मसीहा और सामाजिक क्रांति के अग्रदूत के रूप में स्मरण किया। उन्होंने बताया कि बाबा साहब का लोकतंत्र में अडिग विश्वास था और उनके आदर्शों को आत्मसात कर हम एक सच्चे नागरिक बन सकते हैं।
हर तहसील और गांव में बाबा साहब के विचारों की महत्ता का प्रचार
जिले भर में बाबा साहब की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और लेखपालों की उपस्थिति में गांव-गांव में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और उनके संघर्षपूर्ण जीवन के प्रेरणादायक पहलुओं को साझा किया गया।
विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडे ने दिए प्रेरणादायक विचार
विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडे ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का भारत आज भी हमें प्रेरित करता है और उनके विचारों को अपनाने की आवश्यकता है।
मेडिकल कॉलेज में बाबा साहब को नमन
डॉ. आभास कुमार सिंह के निर्देशन में मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसमें छात्रों ने श्रमदान किया, मेस में कर्मचारियों को भोजन परोसा और ‘ज्ञान का वृक्ष’ रोपा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने बाबा साहब के विचारों पर खुलकर चर्चा की और उन्हें समाज में समानता और न्याय के प्रतीक के रूप में स्थापित किया।








