- रविंद्र जडेजा की भारतीय टीम में वापसी
- शुभमन गिल कप्तान, केएल राहुल उपकप्तान
- सारांश जैन को पहली बार टेस्ट टीम में मौका
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है, जबकि मध्य प्रदेश के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
गिल कप्तान, राहुल उपकप्तान
शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनका अंतिम चयन फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।
नीतीश बाहर, सुंदर पहले टेस्ट से बाहर
ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी फिट नहीं होने के कारण टीम में जगह नहीं बना सके। वहीं, वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के चलते पहले टेस्ट मैच से बाहर रहेंगे।
सारांश जैन को मिला शानदार प्रदर्शन का इनाम
मध्य प्रदेश के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को इंडिया-ए के लिए शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। श्रीलंका दौरे पर दूसरे चार दिवसीय मैच में उन्होंने नाबाद 70 रन बनाए और 6 विकेट भी झटके थे।
फर्स्ट क्लास में शानदार रिकॉर्ड
सारांश जैन ने अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 2,223 रन बनाए हैं और 188 विकेट अपने नाम किए हैं। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद पहली बार उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है।
15 अगस्त से शुरू होगी सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा।









