
- बेलराइज इंडस्ट्रीज का IPO 21 मई से खुलने वाला है
- निवेशक 23 मई तक आवेदन कर सकते हैं
- प्राइस बैंड ₹85 से ₹90 तय
नई दिल्ली। डीजल-पेट्रोल और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी बेलराइज इंडस्ट्रीज का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) 21 मई से ओपन हो जाएगा। इस इश्यू में निवेशक 23 मई तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी के शेयर 28 मई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होंगे।
कंपनी इस IPO के माध्यम से लगभग 2,150 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखती है। इसके लिए कुल 23.89 करोड़ फ्रेश शेयर्स जारी किए जाएंगे। मौजूदा निवेशक या प्रमोटर इस बार कोई शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए नहीं बेचेंगे।
निवेश की न्यूनतम और अधिकतम सीमा
बेलराइज इंडस्ट्रीज ने IPO के लिए प्राइस बैंड ₹85 से ₹90 रखा है। रिटेल निवेशक कम से कम 1 लॉट यानी 166 शेयरों के लिए बिड कर सकते हैं। यदि आप प्राइस बैंड के ऊपरी सिरे ₹90 के अनुसार 1 लॉट खरीदते हैं, तो निवेश ₹14,940 होगा। वहीं, अधिकतम 13 लॉट (2,158 शेयर) तक बिडिंग कर सकते हैं, जिसके लिए ₹1,94,220 का निवेश करना होगा।
इश्यू का आवंटन विवरण
कंपनी ने अपने IPO का 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रखा है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 35% और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए 15% हिस्सेदारी रिजर्व है।
कंपनी के बारे में जानें
1996 में स्थापित बेलराइज इंडस्ट्रीज टू-व्हीलर, फोर व्हीलर, कमर्शियल वाहन और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए मेटल कंपोनेंट्स बनाती है। देश में टू-व्हीलर मेटल कंपोनेंट्स बाजार में इसकी हिस्सेदारी लगभग 24% है और यह टॉप तीन कंपनियों में शामिल है।








