बेंगलुरु। आईटी कंपनी कैपजेमिनी के बेंगलुरु स्थित एचएएल कैंपस के डे-केयर सेंटर में छोटे बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में 2 से 3 वर्ष के बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार दिखाई देने के बाद पुलिस ने पांच महिला केयरगिवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में एक मासूम बच्चे को टॉयलेट के अंदर बंद कर फर्श पर रोते हुए देखा जा सकता है, जबकि एक महिला उसका वीडियो बनाती नजर आती है। दूसरे वीडियो में बच्चे को टॉयलेट सीट पर बैठाकर उसके चेहरे पर जेट स्प्रे से पानी डाला जा रहा है। वहीं एक अन्य वीडियो में बच्चे को फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाकर डराने की कोशिश की जा रही है, जिससे वह बुरी तरह रोता दिखाई देता है।
बताया जा रहा है कि ये वीडियो 29 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डे-केयर सेंटर में कार्यरत पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार किया गया।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सैदुलु अडावथ के अनुसार, डे-केयर सेंटर का उपयोग कैपजेमिनी में कार्यरत आईटी पेशेवर अपने छोटे बच्चों के लिए करते थे। ड्यूटी के दौरान वे बच्चों को इसी सेंटर में छोड़ते थे। वायरल वीडियो देखने के बाद अभिभावकों और कंपनी प्रशासन दोनों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि डे-केयर सेंटर का संचालन सीधे कैपजेमिनी द्वारा किया जा रहा था या इसकी जिम्मेदारी किसी बाहरी एजेंसी को सौंपी गई थी। फिलहाल पांचों महिला केयरगिवर से पूछताछ जारी है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।









