
- एअर इंडिया की फ्लाइट AI2744 कोच्चि से मुंबई पहुंची थी
- भारी बारिश के चलते सुबह 9:27 बजे रनवे से फिसल गई फ्लाइट
- विमान रनवे से 17 मीटर दूर घास पर जाकर रुका
मुंबई। सोमवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया जब कोच्चि से आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2744 लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गई। हादसे के वक्त शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रनवे पर फिसलन थी, जिससे विमान रनवे से 16 से 17 मीटर दूर घास पर चला गया। हादसा सुबह 9:27 बजे हुआ। गनीमत रही कि इसमें किसी यात्री या क्रू को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
तीन टायर फटे, इंजन को नुकसान
हादसे के बाद फ्लाइट को पार्किंग बे तक ले जाया गया, जहां सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित उतारा गया। इस दौरान विमान के तीन टायर फट गए और दाहिने इंजन के नैसेल (ढक्कन) को क्षति पहुंची। एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि किसी को चोट नहीं आई है।
मुख्य रनवे क्षतिग्रस्त, वैकल्पिक रनवे से उड़ानें
मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे 09/27 इस घटना में क्षतिग्रस्त हो गया है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने रनवे से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल, उड़ानों का संचालन दूसरे रनवे 14/32 से किया जा रहा है ताकि यातायात पर असर न पड़े।
DGCA ने शुरू की जांच, पायलट हटाए गए
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एअर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट के दोनों पायलटों को जांच पूरी होने तक हटा दिया गया है। तकनीकी विशेषज्ञ विमान के डैमेज का आकलन कर रहे हैं।








