विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कसी संगठन की कमान

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को मिला चुनावी मंत्र

अंबेडकरनगर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने जिले में संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग मंगलवार को 11 सत्रों के साथ संपन्न हो गया। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की कार्यशैली, बूथ प्रबंधन, चुनाव संचालन, मीडिया रणनीति और वैचारिक विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम जिला प्रभारी विनोद कुमार की देखरेख और जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ बड़ी संख्या में पात्र लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों तथा संगठन की कार्यशैली पर भी विस्तार से अपनी बात रखी।

प्रशिक्षण वर्ग में चुनावी तैयारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, कार्य विस्तार, चुनाव प्रबंधन, संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक अधिष्ठान, मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते उपयोग पर भी जानकारी दी गई। पार्टी नेतृत्व ने इन विषयों को आगामी चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button