
- अकबरपुर कोतवाली में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने दिया धरना
- भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे SC/ST केस का आरोप
- मंत्री बोलीं, “इंस्पेक्टर को हटाओ, तभी हटूंगी”
कानपुर । महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने गुरुवार को अकबरपुर कोतवाली में अचानक पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। मंत्री ने कोतवाली प्रभारी पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक इंस्पेक्टर को हटाया नहीं जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
“ये समाजवादी सरकार नहीं, योगी जी की सरकार है”
कोतवाली परिसर में अधिकारियों से बात करते हुए मंत्री ने कहा, “यह सपा की सरकार नहीं है, जहां झूठे मुकदमे चलते थे। अब योगी जी की सरकार है, और इसमें झूठे केस दर्ज नहीं होने चाहिए।” उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
मौके पर पहुंचे SP, मंत्री ने खुले में बातचीत की मांग की
धरने की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक अरविंद मिश्रा, डिप्टी एसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी मंत्री को कमरे में बातचीत के लिए ले जाना चाहते थे, लेकिन उन्होंने इनकार करते हुए कहा, “मेरे भाई का नाम भी अरविंद है, और एसपी का भी। इसलिए वे यहीं आएं और सबके सामने बात करें।”
“इंस्पेक्टर दबाव में काम कर रहा”
पत्रकारों से बातचीत में प्रतिभा शुक्ला ने कहा, “मैं जानना चाहती हूं कि इंस्पेक्टर ने किसके दबाव में केस लिखा। प्रशासनिक मनमानी अब नहीं चलेगी।” उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया समर्थन, माहौल तनावपूर्ण
धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। माहौल को देखते हुए कोतवाली परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
“25 साल में पहला मुकदमा लिखवाया”
मंत्री ने कहा, “मैंने 25 साल में कोई मुकदमा नहीं लिखवाया, लेकिन आज मान-सम्मान की बात है। इसलिए केस किया है।” उन्होंने दोहराया कि इंस्पेक्टर को हटाए बिना वह धरने से नहीं उठेंगी।








