
- 40 जिलों में मंगलवार को आंधी-बारिश का यलो अलर्ट
- पांच विक्षोभों और नमी से बना अस्थिर मौसम
- तापमान में गिरावट, लेकिन हीट इंडेक्स अब भी खतरनाक
कानपुर। उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 19 जून तक कानपुर में मानसून पहुंच जाएगा। वहीं मंगलवार को भी प्रदेश के 40 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि सुबह से ही धूप और बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
सोमवार को घने बादल आए, लेकिन बरसे बिना निकल गए
सोमवार सुबह कानपुर समेत कई जिलों में घने काले बादल छा गए थे, लेकिन बारिश नहीं हुई। दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। हालांकि तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन अत्यधिक नमी के कारण राहत नहीं मिल सकी।
प्रदेश पांच विक्षोभों और परिसंचरण से घिरा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश इस समय बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी और पांच विक्षोभों से घिरा हुआ है। इसी कारण गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि अन्य क्षेत्रों में या तो बारिश नहीं हो रही या केवल बूंदाबांदी हो रही है।
तापमान में गिरावट, लेकिन हीट इंडेक्स अब भी रेड जोन में
कानपुर में अधिकतम तापमान सोमवार को 38.1 डिग्री से गिरकर 36.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 से बढ़कर 27.8 डिग्री पहुंच गया। नमी का स्तर काफी बढ़ गया है—अधिकतम नमी 80% और न्यूनतम 60% तक रही। इन आंकड़ों के अनुसार, हीट इंडेक्स यानी गर्मी का अहसास 58 दर्ज किया गया, जो ‘रेड जोन’ में आता है।
19 जून को भारी बारिश की संभावना, 21 तक यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून के 21 जून तक प्रदेश में पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। हालांकि बीच-बीच में विक्षोभों के कारण बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। विभाग ने 21 जून तक यलो अलर्ट जारी किया है, लेकिन 19 जून को कानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।








